अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। बिलासपुर में बिना नंबरों के चल रहे वाहनों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एक सप्ताह के भीतर पुलिस छह ऐसे वाहनों को जब्त कर चुकी है जो बिना पंजीकरण के सड़कों पर दौड़ रहे थे। वहीं कुछ वाहनों को पुलिस ने रिलीज भी कर दिया है। इन सभी को एक सप्ताह के भीतर वाहनों मेें नंबर डालने को कहा गया है। ऐसा न करने पर दोबारा से वाहनों को जब्त कर लिया जाएगा। इसके बाद वाहनों को नहीं छोड़ा जाएगा।
इसके अलावा पुलिस ने ट्रिपल राइडिंग करने वालों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ऐसे युवाओं का चालान काट रही है जो बिना हेलमेट व ट्रिपल राइडिंग कर सड़कों पर दौड़ रहे हैं।
पुलिस विभाग का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से पुलिस ने ऐसे वाहनों को पकड़ने की मुहिम चलाई हुई है। वहीं ताजा मामले में पुलिस ने रविवार शाम को भी डियारा सेक्टर से ऐसे वाहनों को पकड़ा है जो बिना नंबर के चल रहे थे। पुलिस ने दो वाहन उठाए। हालांकि बाद में पुलिस ने इन्हें छोड़ दिया। जबकि उन्हें एक सप्ताह का समय नंबर डालने को दिया है। इसके बाद भी अगर यह नंबर नहीं डलवाते हैं तो इन्हें दोबारा से जब्त कर लिया जाएगा। पुलिस की इस मुहिम से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
सदर थाना प्रभारी योगराज चंदेल ने कहा कि एक सप्ताह से पुलिस ने बिना नंबरों के वाहनों को पकड़ने की मुहिम चला रखी है। करीब सात वाहन सदर थाना में पकड़ कर पार्क किए गए हैं जिनमें कार सहित दोपहिया वाहन भी हैं। बिना नंबर के वाहनों को पकड़ने का सिलसिला इसी तरह जारी रहेगा।
इनसेट....
आपराधिक घटनाओं में संलिप्त होते हैं ऐसे वाहन
पुलिस का कहना है कि बिना नंबर के वाहन आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होते हैं, जिसके चलते अपराधियों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। जबकि कुछ युवा भी बिना नंबर के दोपहिया वाहन चलाते हैं, जो ट्रिपल राइडिंग कर रहे होते हैं। पुलिस ने सभी को एक सप्ताह का समय दिया हुआ है। वह अपने वाहनों में पंजीकृत करवा लें ताकि पुलिस की कार्रवाई से बच सकें।
-----------------