नशा माफिया पर लगाम लगाने के लिए हिमाचल और पंजाब पुलिस ने संयुक्त टीम बनाई है। टीम नशा माफिया पर पैनी नजर रखेगी। बिलासपुर एसपी का दावा है कि जल्द ही नशे का सफाया कर दिया जाएगा। बिलासपुर, ऊना और कांगड़ा में चिट्टे का कारोबार बढ़ता जा रहा है। इसमें ज्यादातर युवा चपेट में आ रहे हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि ज्यादातर युवा 20 से 25 साल के बीच के हैं जो चिट्टे के कारोबार में लगे हैं। पंजाब में नशा माफिया पर सख्ती होने से अब वे हिमाचल के युवाओं को अपनी चपेट में ले रहे हैं। इसको देखते हुए हिमाचल और रोपड़ पुलिस ने मिलकर एक संयुक्त टीम बनाई है, जो नशा तस्करों की सूचनाओं का आदान-प्रदान करेगी।
...
तीन युवा हो चुके हैं एचआईवी से ग्रस्त
बिलासपुर पुलिस की ओर से नशे के साथ पकड़े गए युवाओं में से तीन युवा ऐसे भी हैं जो एचआईवी से ग्रस्त हैं। इस बात का खुलासा तब हुआ जब पुलिस के कहने पर युवाओं ने एचआईवी टेस्ट करवाया। इसका मुख्य कारण एक ही इंजेक्शन का नशे के लिए बार-बार प्रयोग किया जाना है।
...
5000 रुपये प्रति ग्राम बेचा जा रहा चिट्टा
पंजाब में नशा माफिया पर शिकंजा कसने के बाद नशा माफिया हिमाचल की ओर रुख कर रहा है। अब हिमाचल के कई जिलों में आसानी से चिट्टा मुहैया हो रहा है। पंजाब में चिट्टा 2500 रुपये प्रति ग्राम मिलता है जोकि हिमाचल पहुंचने पर 5000 रुपये प्रति ग्राम हो जाता है।
....
संयुक्त टीम रख रही नजर : अशोक कुमार
एसपी बिलासपुर अशोक कुमार ने कहा कि रोपड़ पुलिस के साथ मिलकर एक टीम तैयार की है जो नशा माफिया पर पैनी नजर रख रही है। कुछ दिन पूर्व पंजाब के पुलिस अधिकारियों के साथ श्री नयना देवी में एक बैठक भी की गई है।
000