घुमारवीं (बिलासपुर)। कोठी पंचायत के फ्योड़ी गांव में बुधवार सुबह लगभग 10 बजे रसोई घर में आग लग गई। इससे करीब एक लाख का नुकसान हुआ है। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी अनुसार हरिदास पुत्र खजाना राम के रसोई घर में अचानक आग लग गई। स्थानीय लोगों ने रसोई घर से धुआं उठता देखा। लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था। बताया जा रहा है कि परिवार के सभी सदस्य उस वक्त घर से बाहर गए हुए थे। उन्हें ग्रामीणों ने फोन पर सूचित किया। जब तक वे घर पहुंचे तब तक रसोई घर में रखा सामान आग की भेंट चढ़ चुका था। पीड़ित मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। हलका पटवारी ने मौके पर पहुंचकर रिपोर्ट तैयार कर विभाग को सौंप दी है। घुमारवीं पुलिस को भी सूचित कर दिया गया है।
पंचायत प्रधान सुनीता धीमान ने बताया कि प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।