बिलासपुर। पुलिस ने चिट्टा गिरोह के चार और सदस्यों को नशे के इंजेक्शन और हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सभी को 12 अप्रैल तक की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
मिली जानकारी अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य बाजार के एक ढाबे में कुछ युवक नशा कर रहे हैं। आईपीएस प्रोबेशनर वत्सला गुप्ता की अगुवाई में सब इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह, एसटीएफ से एचसी संजीव पुंडीर, एचएचसी केवल किशोर, आरक्षी चंचल सिंह, बाबू राम, अमित, महिला आरक्षी अंजना ने दबिश दी। पुलिस ने अनिल उर्फ पिंटू, करण वर्मा, अविनाश शर्मा और श्याम सुंदर को उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वे नशे के इंजेक्शन लगा रहे थे और चिट्टे का सेवन कर रहे थे। इनके पास से दो फोइल पेपर, 27 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई है।
वहीं पुलिस ने इसके बाद एक स्थानीय गाड़ी से धीरज, पंकज, रोहित और शिवा को भी चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया। इनके पास से भी पुलिस ने 27 मिलीग्राम हेरोइन सहित दस रुपये के दो जले हुए नोट बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें 12 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। नशे के सरगना अनिल कुमार उर्फ पिंटू के खिलाफ यह पहला मामला है। शहर वासियों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।
गौर रहे कि नगर के अधिकांश सेक्टरों में युवा पीढ़ी नशे की चपेट में आ रही है। प्रश्न यह है कि आखिरकार बिलासपुर में हेरोइन की सप्लाई कहां से आ रही है?
एसपी बिलासपुर अशोक कुमार का कहना है कि नशे के सौदागरों पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है। नशे के साथ पकड़े गए युवाओं को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 12 अप्रैल की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।