घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं-सरकाघाट सुपर हाईवे पर एक अनियंत्रित ट्रक ने अपने ढाबे के बाहर बैठे बुजुर्ग को कुचल दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे में बुजुर्ग की दोनों टांगे कटकर शरीर से अलग हो गईं। घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए घुमारवीं अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार देने के बाद बाद उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना घुमारवीं से करीब चार किलोमीटर दूर घुमारवीं-सरकाघाट सुपर हाईवे पर एक अनियंत्रित ट्रक ने अपने ढाबे के बाहर बैठे बुजुर्ग को बुरी तरह से कुचल दिया। लोगों के चिल्लाने पर चालक ने ट्रक को रोका, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। ढाबा मालिक की दोनों टांगें शरीर से कट चुकी थीं। मौके पर मौजूद हरिमान सिंह व सोनू कुमार ने बताया कि पूर्व नायब तहसीलदार मंशा राम पुत्र जीनू राम अपने सत्कार ढाबे पर दोपहर बाद धूप का आनंद ले रहा था। तभी अचानक एक ट्रक आया और उसने मंशा राम जो कुर्सी पर बैठा था को कुचल दिया। इससे उसकी टांगें शरीर से अलग हो गईं।
लोगों ने बताया कि मंशाराम को तत्काल घुमारवीं अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां से भी प्राथमिक उपचार के बाद उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
डीएसपी घुमारवीं राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, ट्रक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।