अमर उजाला ब्यूरो
स्वारघाट(बिलासपुर)। ट्रक से बैटरी चोरी करने वाले दो आरोपियों को स्वारघाट थाना पुलिस ने पंजाब राज्य से गिरफ्तार कर लिया है। चोरी की उक्त वारदात को कुछ दिनों के भीतर सुलझा देने के बाद इस बड़ी कामयाबी से पुलिस कर्मियों का मनोबल भी बढ़कर सातवें आसमां पहुंच गया है। उक्त चोरी की घटना 6 मार्च दिन के समय सुबह 10 और 11 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार खुराणी निवासी ट्रक चालक सतीश कुमार अपने ट्रक नंबर एचपी-11ए-5577 को घर के पास ही खुराणी संपर्क सड़क के एक मोड़ पर खड़ा करके अपने घर चला गया था। जब दिनदिहाड़े पंजाब के दो युवकों ने ट्रक की खिड़की के ऊपर वाले पल्ले की जाली का पल्ला तोड़कर ट्रक के अंदर घुसकर ट्रक की बैटरी चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।
शिकायतकर्ता ट्रक चालक सतीश कुमार निवासी गांव खुराणी को घटना का पता 3 दिन बाद चला जब वो ट्रक को स्टार्ट करने लगा तो बैटरी चोरी हो गई थी और सामान बिखरा हुआ था। जिस कारण उसने पिछले कल 9 मार्च के दिन स्वारघाट पुलिस थाना में जाकर उक्त बैटरी चोरी होने की घटना के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में ट्रक चालक सतीश ने बताया था कि वह गांव में शादी समारोह के कारण व्यस्त था जिस कारण वह अपने ट्रक में तीन दिन बाद वापिस लौटा तो बैटरी चोरी हो गई थी।
बैटरी चोरी की उक्त घटना की जांच कर रहे एएसआई सहदेव दत्त ने शिकायत होने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए छानबीन करके चोरी के मामले को मात्र 24 घंटे से पहले सुलझा लिया है। उपरोक्त चोरी की घटना में स्वारघाट थाना के एसएसआई सहदेव दत्त ने पंजाब राज्य के बुंगा साहब के समीपवर्ती गांव फतेहपुर निवासी दो युवकों दीपक व सतनाम को गिरफ्तार कर लिया है। मोटरसाइकिल नंबर पीबी-12एसी-1881 को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
बताया जा रहा है कि पंजाब के इन दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात के दिन इसी मोटरसाइकिल का प्रयोग किया था। मोटर साइकिल दीपक का है जबकि उसका दोस्त सतनाम उसे चला रहा था। खबर की पुष्टि नयना देवी डीएसपी संजय शर्मा ने की।