झंडूता (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता की ग्राम पंचायत गालियां के तुंगड़ी गांव में सीर खड्ड में डूबे दोनों युवकों के शव तीन दिन बाद 15 किलोमीटर दूर गोबिंद सागर झील में मिले। इससे क्षेत्र में शोक की लहर है। दोनों युवक मंगलवार को सीर खड्ड में नहाने के दौरान डूृब गए थे। इनको तलाश करने के लिए बीबीएमबी नंगल से टीम आई थी। वीरवार को दोनों के शव गोबिंद सागर झील से बरामद कर लिए गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन तीन दिन बेसुध पड़े हैं। उन्हें क्या पता था कि घर से नहाने गए दोनों युवक दोबारा लौटकर नहीं आएंगे। मृतक निशांत कुमार तीन बहनों का इकलौता भाई था। बहनों को क्या मालूम था कि जिस भाई को इस बार राखी बांध रही है, उसे दोबारा नहीं बांध पाएंगी। निशांत आईटीआई बरठीं में ट्रेनिंग कर रहा था। माता-पिता ने पाई-पाई जोड़कर ट्रेनिंग का खर्चा चलाया हुआ था। उन्होंने आस लगाई थी कि उनका लाडला बुढ़ापे में सहारा बनेगा। वहीं अमन कुमार का एक भाई है। बहुत समय पहले अमन के पिता की मौत हो गई थी। वह अपने ननिहाल तुंगड़ी में रहने लगा और सुन्हाणी स्कूल में बारहवीं कक्षा में पढ़ रहा था। छोटा भाई अखिल कुमार अपने घर कुठेड़ा में ग्यारहवीं कक्षा में पढ़ता है।