घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं में पुलिस विभाग की एसआईयू टीम ने शहतूत और पॉपुलर की अवैध लकड़ी से भरे दो ट्रक पकड़े हैं। एसआईयू टीम ने घुमारवीं के समीप ट्रक नंबर एचपी 23बी 2787 और एचपी 89-5773 को रोका तो एक में पॉपुलर और दूसरे में शहतूत की अवैध लकड़ी भरी हुई थी। पुलिस ने चालकों से दस्तावेज मांगे तो वे संपूर्ण दस्तावेज नहीं दिखा पाए। नियम के अनुसार लकड़ी से लदे ट्रकों को दिन में चलाना पड़ता है। लेकिन यह दोनों ट्रक रात को जा रहे थे। पुलिस ने ट्रकों को पकड़ने के बाद वन विभाग को मामला सौंप दिया। जानकारी अनुसार इन ट्रकों में शहतूत और पॉपुलर की लकड़ी को हमीरपुर से यमुनानगर हरियाणा ले जाया जा रहा था। वन विभाग ने इन गाड़ियों को दस-दस हजार रुपये का जुर्माना लगाकर छोड़ दिया। उधर, डीएफओ बिलासपुर अवणी भूषण राय ने बताया कि पुलिस ने अवैध लकड़ी के साथ दो ट्रक पकड़े हैं। वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए ट्रक चालकों से जुर्माना वसूल कर इन्हें छोड़ दिया है।