भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना के तहत दधोल पंचायत के भेल गांव में शुक्रवार को श्मशानघाट पर शव जलाने से रोकने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ एससी, एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को भेल गांव में दो समुदायों के बीच शव को जलाने को लेकर बहसबाजी हुई थी। एक वर्ग का कहना था कि कुछ लोग उन्हें श्मशानघाट पर शव का दाह संस्कार नहीं करने दे रहे हैं। लोगों ने हेल्पलाइन नंबर 1100 नंबर पर मुख्यमंत्री को शिकायत की थी। एक समुदाय के विरोध के बाद श्मशानघाट से दूर दाह संस्कार करना पड़ा था। डीएसपी घुमारवीं अनिल कुमार ने बताया कि इस संबंध में एससी-एसटी एक्ट के तहत 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।