स्वारघाट(बिलासपुर)। उपमंडल स्वारघाट के अंतर्गत भाखड़ा पंचायत क्षेत्र के गांव खुलवीं निवासी अरुण कुमार पुत्र गुरदेव चंद भल्ला उम्र 22 साल की रंगड़ों के काटने के बाद पीजीआई चंडीगढ़ में मौत हो गई है। करीब पांच दिन पहले युवक पर रंगड़ों ने हमला किया था। जिसके बाद इसे प्राथमिक उपचार के लिए नंगल अस्पताल ले जाया गया। लेकिन हालत गंभीर होने के चलते इसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। जहां उसकी मंगलवार देर रात मौत हो गई। पंचायत भाखड़ा के प्रधान प्रभात चंदेल ने बताया कि 5 दिन पहले अरुण कुमार निवासी गांव खुलवीं को रंगड़ों ने बुरी तरह से काट लिया था। जिस कारण उक्त युवक के सारे शरीर पर गहरे जख्म हो गए थे। रंगड़ों के हमले के बाद युवक को नंगल में उपचार के लिए ले जाया गया। लेकिन उसकी नाजुक हालात देखते हुए नंगल अस्पताल के डॉक्टरों ने अरुण को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। ग्राम पंचायत भाखड़ा के खुलवीं निवासी गुरदेव चंद गृहरक्षक के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अरुण कुमार उनका इकलौता बेटा था। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव खुलवीं और पंचायत भाखड़ा क्षेत्र में मातम का माहौल है।