घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ होम क्वारंटीन की उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया है। जानकारी अनुसार व्यक्ति रोपड़ (पंजाब) से घुमारवीं आया है। प्रशासन ने व्यक्ति को होम क्वारंटीन किया था। पुलिस को सूचना मिली कि व्यक्ति प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अवहेलना कर रहा है। घुमारवीं पुलिस की एक टीम पूछताछ करने पहुंची। पूछताछ के दौरान पता चला कि व्यक्ति ने सरकारी दिशा-निर्देशों की अवहेलना की है। घुमारवीं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188, 269, 270 के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी घुमारवीं राजेंद्र कुमार जसवाल ने मामले की पुष्टि की है।