जुखाला(बिलासपुर)। नशे का अवैध धंधा करने वाले लोगों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस की सुरक्षा शाखा की ओर से छेड़ी गई सर्जिकल स्ट्राइक में शनिवार को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिलासपुर पुलिस की सुरक्षा शाखा टीम ने नशे के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए एक युवक से 300 नशीली गोलियां बरामद की।
मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर पुलिस की सुरक्षा शाखा की टीम हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में कांस्टेबल प्रदीप ठाकुर और बाबु राम के साथ ब्रह्मपुखर क्षेत्र में गश्त पर गई। इस दौरान सुरक्षा शाखा की टीम विनायकघाट के पास एक दुकान पर चाय पीने के लिए रुकी। जब टीम वहां चाय पी रही थी उसी समय एक युवक पैदल ब्रह्मपुखर की तरफ से आया। जैसे ही इस युवक ने दुकान पर पुलिस की टीम देखी वैसे ही यह एकदम से डर गया और वहां से तेज कदमों के साथ बंदला की तरफ जाने लगा। इस पर सुरक्षा शाखा की टीम को इस व्यक्ति पर शक हुआ और उन्होंने इसे रुकने के लिए बोला।
युवक ने पुलिस की आवाज सुनी और वह वहां से भागने लगा जिस पर सुरक्षा शाखा की टीम ने भाग कर इसे पकड़ा। युवक को सुरक्षा शाखा कि टीम ने पकड़ा वैसे ही इसने अपने हाथ से एक लिफाफा सड़क किनारे फेंक दिया। जब सुरक्षा शाखा की टीम ने इस लिफाफे को खोल कर देखा तो इसमें दवाई के पत्ते थे। जब इन्हें खोल कर देखा तो इस लिफ़ाफ़े में नशे के कैप्सूल के 20 पत्ते मिले। हर एक पत्ते में 10-10 मिलीग्राम की 15 गोलियां थीं। पुलिस ने कुल मिलाकर 300 कैप्सूल के साथ आरोपी को हिरासत में लिया।
आरोपी की पहचान चंद्रशेखर पुत्र सुरेंद्र सिंह गांव बंदला के रूप में हुई है। जिला पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने जी कैप्सूल के साथ आरोपी को पकड़ा है। उन्हें प्रदेश सरकार द्वारा प्रतिबंधित किया गया है। बताया कि इस दवाई का प्रयोग नशे के लिए किया जाता है। बताया कि आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वहीं इसके खिलाफ एनडीपीएस का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।