घटनास्थल पर तहसीलदार स्वारघाट का सरकारी वाहन।
- फोटो : BILASPUR
स्वारघाट(बिलासपुर)। वीरवार रात को पंजाब, हिमाचल की सीमा पर तहसीलदार स्वारघाट हुसन चंद चौधरी की सरकारी गाड़ी पर अज्ञात बाइक सवारों ने पत्थराव किया है। हालांकि इस हमले में तहसीलदार बाल-बाल बच गए हैं। जबकि गाड़ी को काफी नुकसान हुआ है। अज्ञात बाइक सवार हमलावर पंजाब क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। इस संबंध में पंजाब के कीरतपुर साहिब पुलिस स्टेशन में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। ड्यूटी के दौरान तहसीलदार पर हुए हमले से ड्यूटी पर तैनात विभिन्न विभागों के कर्मचारियों में सुरक्षा को लेकर डर का माहौल बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस को लेकर प्रदेश सरकार ने प्रदेश में कर्फ्यू लगाया है। जिला प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारियों को कर्फ्यू के दौरान व्यवस्थाओं की देखरेख के लिए लगाया गया है। गुरुवार देर रात तहसीलदार स्वारघाट सरकारी वाहन में अपनी टीम के साथ हिमाचल, पंजाब की सीमा गरामोड़ा, कैंचीमोड़, बैहल आदि क्षेत्रों की गश्त पर थे। इस दौरान जब वह वीरवार रात के समय बैहल क्षेत्र से स्वारघाट की तरफ वापस लौट रहे थे तो एक ही बाइक पर चार लोग सवार होकर उनकी गाड़ी के बार-बार आगे-पीछे चल रहे थे। थोड़ा आगे जाने पर उक्त अज्ञात सवारों ने तहसीलदार की गाड़ी के आगे अपना बाइक घुमाकर फेंक दिया और जैसे ही तहसीलदार की गाड़ी रुकी तो उसी समय उनकी गाड़ी पर पत्थराव कर दिया। हालांकि तहसीलदार स्वारघाट इस हमले में बाल-बाल बच गए हैं। उनके साथ मौजूद सुरक्षा कर्मियों को देखकर बाइक सवार मौके से फरार हो गए। पत्थराव से तहसीलदार के सरकारी वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है।
एसडीएम स्वारघाट सुभाष गौतम ने बताया कि उपमंडल स्वारघाट की अधिकतर सीमा पंजाब के साथ लगती है और उपमंडल की कई पंचायतों में जाने के लिए पंजाब की सीमा से होकर गुजरना पड़ता है। वीरवार की रात जब तहसीलदार स्वारघाट हुसन चंद चौधरी पंजाब की सीमा से गुजर रहे थे तो पंजाब के देहनी के पास अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया। हमले में तहसीलदार के साथ उनकी टीम सुरक्षित है लेकिन गाड़ी के तीन जगह से शीशे टूटे हैं। एसडीएम नंगल, जिलाधीश बिलासपुर, एसपी बिलासपुर को इस घटना से अवगत करवाया गया है और पंजाब प्रशासन से बात करके इन हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यदि पंजाब प्रशासन हमलावरों पर सही कार्रवाई नहीं करता तो मुख्यमंत्री से बात की जाएगी।