बिलासपुर में वाहन चालक से पूछताछ करते एसएचओ सदर और अन्य पुलिसकर्मी।
- फोटो : BILASPUR
स्वारघाट(बिलासपुर)। बिलासपुर जिला के साथ लगती पंजाब राज्य की सभी सीमाएं सील कर दी गईं हैं। अब बिलासपुर के रास्ते हिमाचल में आने वालों पर पूर्ण रोक रहेगी। इस बारे में एसपी बिलासपुर की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं। वहीं सीमा क्षेत्र में पुलिस की गश्त तेज कर दी गई है। जबकि नाकों पर भी अतिरिक्त जवान भेेेजे गए हैं ताकि किसी भी हालत से निपटा जा सके। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने सोमवार को प्रदेश में लॉकडाउन की घोषणा की थी जिसके बाद जिला प्रशासन ने भी इस संबंध में कड़े आदेश जारी किए थे। हालांकि सोमवार को लॉकडाउन के बाद भी प्रशासन की ओर से लोगों को राहत दी गई थी कि लोग अपने घरों में पहुंच सकें लेकिन मंगलवार सुबह से ही पुलिस ने सभी आने जाने वालों पर कड़ी पाबंदी लगा दी है। इसी कड़ी में पुलिस ने पंजाब के साथ लगी सीमा को सील कर दिया है। वहीं पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वह स्वारघाट, श्री नयना देवी और कोलाबाला टोवा के साथ लगती सीमा की ओर किसी भी हाल में न जाएं।
एसपी बिलासपुर दिवाकर शर्मा ने बताया कि पंजाब के साथ लगती सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यहां किसी को भी आने जाने की इजाजत नहीं होगी। सरकार के आदेशों का सख्ती के साथ पालन किया जा रहा है। वहीं उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि वह सरकार के अगले आदेशों तक अपने घरों में ही रहें ताकि खतरनाक कोरोना वायरस के साथ लड़ा जा सके।