शाहतलाई(बिलासपुर)। बाबा बालक नाथ की तपोभूमि शाहतलाई के मुख्य चौक के समीप गुरूनाझड़ी मंदिर की तरफ जाते समय एक व्यक्ति सुबह करीब 11 बजे सड़क के बीच अचानक गिर गया। व्यक्ति को सड़क के बीच गिरता देख कर आसपास के दुकानदार दौड़े तथा उसे गाड़ी में डालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. दिव्यांश राणा और उनकी टीम ने उस व्यक्ति को बचाने का प्रयास किया लेकिन आखिर सुविधाओं के अभाव में वो उसे बचा नहीं सके और व्यक्ति ने स्वास्थ्य केंद्र में अपनी आखिरी सांस ली।
मृतक की पहचान प्रकाश चंद (45) पुत्र कांशी राम ग्राम पंचायत जड्डू कुलज्यार के गांव कड़ोहघाट के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार प्रकाश चंद एक गरीब परिवार से संबंध रखता है। उसके दो बच्चे हैं। मृतक सोमवार सुबह ही अपने घर से शाहतलाई के लिए निकला था। तलाई थाना प्रभारी सतपाल शर्मा ने बताया कि तलाई बाजार में सुबह एक व्यक्ति चलते चलते अचानक गिर गया था। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाते ही उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज करके शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृत्यु के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
.