घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं में गांधी चौक से लेकर नगर परिषद के कार्यालय प्रांगण तक लगभग आधा किलोमीटर लंबी सड़क पर दिनप्रतिदिन लग रहे जाम और दुकानदारों की ओर से अपनी दुकान के आगे सामान लगाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए सड़क का निरीक्षण उपमंडलाधिकारी घुमारवीं शशिपाल शर्मा की अध्यक्षता में किया गया।
इस निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक सृष्टि पांडे, नगर परिषद अध्यक्ष राकेश चोपड़ा, व्यापार मंडल अध्यक्ष हेम राज संख्यान भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान उपमंडलाधिकारी की ओर से दुकानदारों से कहा गया कि सड़क पर दुकान का सामान ना लगाएं ताकि पैदल चलने वालों को परेशानियों का सामना ना करना पड़े और सड़क पर जाम ना लग पाए।
उन्होंने पुलिस और नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह समय-समय पर बाजार का निरीक्षण करते रहें और अगर कोई दुकानदार दुकान से बाहर सामान रखता है तो उस पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करें।
उन्होंने बताया कि इस सड़क पर लोडिंग-अनलोडिंग करने के लिए छह स्थानों को चिह्नित किया गया है। जहां पीली पट्टी भी लगाई जाएगी तथा लोडिंग-अनलोडिंग करने के लिए समय भी निर्धारित किया गया है। लोडिंग-अनलोडिंग करने का समय दिन में 11 बजे से 2 बजे तक और शाम 5:30 बजे से सुबह 8 बजे तक का रहेगा। उन्होंने बताया कि अनाधिकृत स्थानों और समय पर लोडिंग-अनलोडिंग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।