बरमाणा(बिलासपुर)। बिलासपुर पुलिस की एसआईयू टीम ने सलनु जामला के एक व्यक्ति से नशे के 29 कैप्सूलों के साथ 10,660 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस टीम ने आरोपी को बरमाणा थाना प्रभारी को सौंप दिया है। बरमाणा थाना में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की ओर से आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर पुलिस की एसआईयू टीम के अनिल शर्मा, राजेश ठाकुर व मनीष ठाकुर सलनु जामला सड़क पर गश्त पर थे कि तभी उन्हें वहां से सलनु जामला गांव का व्यक्ति दौलत राम मिला। टीम ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास नशे के 29 कैप्सूल मिले और साथ ही 10,660 रुपये की नकद राशि भी बरामद की।
बताते चलें कि आरोपी पहले भी चिट्टे और नशीले पदार्थ रखने के मामले में पुलिस हिरासत में रह चुका है। एसआईयू की टीम ने उसी के चलते आरोपी की तलाशी ली जिसमें उन्हें कामयाबी मिली।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिलासपुर भागमल ठाकुर ने बताया कि जिले में नशे के बढ़ते हुए कारोबार को रोकने के लिए पुलिस की सभी टीमें दिन रात कार्य कर रही है ताकि नशा कारोबारियों पर शिकंजा कसा जा सके और भावी पीढ़ी को इनके चंगुल से छुड़ाया जा सके। कहा कि पुलिस की एसआईयू टीम और जिले के थानों की टीमें इस अभियान को सफल बनाने के लिए कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि एसपी दिवाकर शर्मा की अगुवाई में पुलिस जिले को नशा मुक्त करने में सफल होगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वो नशा माफिया पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सहायता करें और नशा माफिया की जानकारी पुलिस से साझा करें।