घुमारवीं के पेहड़वी स्कूल की वीरवार रात को आए तूफान के कारण उड़ी छत।
- फोटो : BILASPUR
घुमारवीं(बिलासपुर)। वीरवार रात को आए तूफान के कारण क्षेत्र में काफी तबाही हुई है। तूफान के कारण कहीं पेड़ गिरे गए हैं तो कहीं कई स्थानों पर छतें उड़ गई हैं। हालांकि रात को आए इस तूफान से किसी भी प्रकार से जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। अगर यह घटना दिन में घटी होती है तो पेड़ गिरने से जानमाल का भी नुकसान हो सकता था।
जानकारी के अनुसार वीरवार रात को आए तूफान के कारण काफी तबाही हुई है। तेज तूफान की वजह से ग्राम पंचायत औहर के गांव औहर में मनोज कुमार पुत्र सुखराम की दुकान पर आम का पुराना पेड़ गिर गया जिससे दुकान का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय वार्ड सदस्य रचना देवी ने बताया कि उक्त परिवार को तूफान के कारण काफी नुकसान हुआ है, यदि दिन का समय होता तो इसमें किसी की जान भी जा सकती थी। वहीं ग्राम पंचायत बकरोआ के तहत पड़ने वाले राजकीय प्राथमिक पाठशाला पेहड़वी में स्कूल की टीन उड़ गई है। पंचायत प्रधान अंजना धीमान ने बताया कि तूफान से स्कूल में काफी तबाही हुई है। इस संबंध में संबंधित विभागों को भी सूचना दे दी गई है। उल्लेखनीय है कि वीरवार शाम को जिला में मौसम ने एक दम करवट बदली थी जिसके बाद कई स्थानों में बारिश तो कहीं पर तेज तूफान आया है। हालांकि इस तूफान से जिले में किसी भी प्रकार से जान माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।