शाहतलाई(बिलासपुर)। तलाई पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाली कोटधार की ग्राम पंचायत पपलोहा के गांव बुहाड़ की दो महिलाओं ने एक-दूसरे के खिलाफ तलाई पुलिस थाने में आकर गंदी गालियां और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों महिलाओं की शिकायत पर मामले दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक महिला ने शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि वह अपने घर को जा रही थी कि रास्ते में एक महिला अपने घर के बहार पौड़ियों पर खड़ी थी। जैसे वह उस के घर के सामने से निकल ही रही थी उसने मुझे गंदी गलियां निकालना शुरू कर दी। इतना ही नहीं उसने मुझे बालों से पकड़ लिया तथा मुक्कों से पिटाई शुरू कर दी। इस बीच उसकी बेटी भी अंदर से आ गई तथा दोनों मां-बेटी ने मुझे गालियां दीं तथा मुक्कों से पीटा। महिला की शिकायत पर मां-बेटी के खिलाफ आईपीसी की धारा 341,323,504 व 34 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
उधर दूसरी महिला ने भी शिकायत दर्ज करवाई है कि वह अपने पशुओं को कच्ची खल बिनौला की बोरी लाने अपने गांव की ही दुकान पर गई तो वहां पर उसकी पड़ोसन भी वहां थी उसने मेरा रास्ता रोका और गालीगलौज करने लगी। जब मैं खल बिनौला की बोरी लेकर अपने घर को वापस आ गई, इस बीच वह महिला एक पुरुष व दो महिलाओं के साथ आकर मेरा रास्ता रोका और मुझे गले से पकड़ लिया। मेरे साथ मारपीट की और मुझे जान से मारने की धमकी दी। महिला की शिकायत पर मामला दर्ज करके पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
उधर घुमारवीं के डीएसपी राजेंद्र जसवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तलाई थाने में एक क्रास केस दर्ज हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।