बिलासपुर। पुलिस विभाग भ्रष्टाचार रोकने के लिए जिले के हर पुलिस थाना और चौकी में एसपी सहित विजिलेंस के नंबर भी अंकित करेगी। नंबर ऐसे स्थान पर अंकित होंगे जहां हर आने जाने वाले व्यक्ति की नजर पड़ सके। यह निर्णय भ्रष्टाचार को रोकने के लिए लिया गया है। खबर की पुष्टि एसपी बिलासपुर दिवाकर शर्मा ने की है।
उल्लेखनीय है कि पुलिस थानों में कई बार देखा गया है कि आम लोगों की शिकायत पर तत्काल कोई एक्शन नहीं लिया जाता है। अगर किसी भी थाने में आम लोगों की बात को नहीं सुना जा रहा हो तो वह तत्काल एसपी के नंबर पर कॉल कर उन्हें इसकी सूचना दे सकता है जिसपर एसपी कार्यालय से तत्काल एक्शन लिया जाएगा।
इसके अलावा अगर पुलिस थाने में कोई भी अधिकारी या कर्मी किसी भी पीड़ित से किसी प्रकार की सामग्री या फिर अन्य किसी प्रकार की मांग करता है तो लोग इसकी सूचना सीधे विजिलेंस को दे सकें इसके लिए विजिलेंस के अधिकारी का नंबर भी पुलिस थाना में अंकित किया जाएगा। गौर रहे कि ऊना जिले में भी इसी प्रकार से एक पुलिस अधिकारी को 10 हजार रुपये लेते हुए विजिलेंस ने पकड़ा था। इसलिए अब जिला बिलासपुर में भी हर थाने और चौकी में विजिलेंस का नंबर अंकित किया जाना है।
एसपी बिलासपुर दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस लोगों की मदद के लिए है। चौकी थाने में आने वाले हर व्यक्ति की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। आम लोगों की सुविधा के लिए हर थाने और चौकी में एसपी का नंबर अंकित होगा। जबकि पुलिस विभाग में कोई भ्रष्टाचार न हो इसके लिए विजिलेंस अधिकारी का नंबर भी हर थाने में अंकित किया जाएगा।