बिलासपुर। तलाई थाने में एक महिला के साथ विवादों में आए पुलिस विभाग के एचसी को थाने से हटा दिया गया है। उन्हें अगले आदेश तक पुलिस लाइन में ड्यूटी देने के आदेश हुए हैं। जबकि वीरवार को कर्मी को एसपी के समक्ष पेश हो कर अपनी बात रखनी होगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एचसी का किसी महिला के साथ थाने में कोई इश्यू हो गया था। इसके बाद इस संबंध में एसपी बिलासपुर को भी सूचना मिली थी। सूचना मिली थी कि किसी महिला के साथ विवाद के चलते दोनों में हाथापाई तक हो गई थी। विभिन्न सूत्रों से मिली सूचना के अनुसार एसपी ने अपने स्तर पर एक्शन लेते हुए कर्मी को थाने से हटा कर लाइन में अगले आदेश तक सेवाएं देने को कहा है। जबकि वीरवार को कर्मी को एसपी ऑफिस में भी अपना पक्ष रखना होगा कि पूरा मामला क्या था और मौके पर क्या-क्या हुआ है। बताया जा रहा है कि जरूरत पड़ने पर पुलिस महिला के भी बयान ले सकती है।
एसपी बिलासपुर दिवाकर शर्मा ने बताया कि उन्हें विभिन्न सूत्रों से सूचना मिली थी कि महिला के साथ थाने में कोई इश्यू हो गया था जिसके चलते उन्हें वहां से हटाया गया है। वीरवार को कर्मी से पूरी घटना की जानकारी ली जाएगी।
.....
एसपी ने किया झंडूता थाने का निरीक्षण
थाना प्रभारी को दिए जमीन तलाश करने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। एसपी बिलासपुर दिवाकर शर्मा ने बुधवार को झंडूता पुलिस थाने का निरीक्षण किया। मौके पर उन्होंने थाने की पूरी व्यवस्थाओं को जांचा। इस मौके पर उन्होंने देखा कि मौके पर कितना स्टाफ सेवाएं दे रहा है और कितने स्टाफ की और जरूरत है। वहीं उन्होंने थाना प्रभारी को भी निर्देश दिए हैं कि थाने के लिए जमीन की तलाश की जाए ताकि सरकार को प्रस्ताव भेज कर अलग से अपनी जमीन पर थाने के भवन का निर्माण हो सके। वहीं उन्होंने मौके पर पुलिस कर्मियों को निदेश दिए हैं कि नशा माफिया पर शिकंजा कसे। थाने में जो भी व्यक्ति आता है या फिर फोन पर शिकायत आती है उस पर तत्काल कार्रवाई अमल में लाई जाए ताकि लोगों का भरोसा पुलिस पर बना रहे।