भल्लू -बिलौर सड़क के धराड़ गांव के पास उखड़ी टारिंग।
- फोटो : BILASPUR
झंडूता(बिलासपुर)। उपमंडल की भल्लू-बिलौर सड़क पर धराड़ गांव के पास की गई टारिंग दो माह के भीतर ही उखड़ना शुरू हो गई है। लोगों के अनुसार इस सड़क पर कई बार सड़क को पक्का करने के लिए विभाग ने टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद भी सड़क को पक्का नहीं किया जाता था लेकिन सालों बाद एक किमी सड़क पर लोक निर्माण विभाग ने 9 लाख रुपये खर्च कर ठेकेदार के माध्यम से सड़क पर टारिंग का कार्य करवाया था।
टारिंग दो महीने भी नहीं चल पाई। अब हालत ऐसी है कि सड़क की टारिंग उखड़ना शुरू हो गई है। वहीं लोगों ने इस संबंध में लोनिवि से मामले की जांच करने की मांग की है। जबकि विजिलेंस से भी मांग की है कि सड़क की सामग्री की जांच कर दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
क्षेत्र के लोगों राजेश कुमार, ओंकार सिंह, दिनेश कुमार, अरविंद, राकेश, अशोक कुमार, नीतीश कुमार, सुभाष कुमार, संजय कुमार, सुरेश कुमार, श्याम सिंह, सुनील कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि अभी तक इस सड़क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही कम है फिर भी सड़क से टारिंग उखड़ रही है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सड़क को ठीक करने की मांग की है। वहीं ठेकेदार के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई है। लोगों ने डीएसपी विजिलेंस से भी इस संबंध में कार्रवाई की मांग की है। लोक निर्माण विभाग सब डिवीजन झंडूता के सहायक अभियंता प्रवीण कुमार वर्मा ने बताया कि गर्मी के मौसम में उक्त ठेकेदार से ही सड़क की टारिंग को ठीक करवाया जाएगा।