झंडूता(बिलासपुर)। झंडूता थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने घराण इलाके में एक व्यक्ति को बाहरी राज्य की अवैध शराब बेचने पर गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने क्षेत्र में यातायात चेकिंग अभियान चलाया हुआ था। उसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपने घर में अवैध शराब का धंधा करता है।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रछेहड़ा गांव के सोहन लाल के घर पर छापा मारा। सोहन लाल ने अपने घर के पीछे बने लकड़ी के शैड में लकड़ियों के नीचे छुपाई बाहरी राज्य की पांच सौ पचपन, थ्री एक्स रम मार्का की दो पेटियों में रखी 24 बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने बताया कि यह शराब हिमाचल प्रदेश में पूर्णतया बंद है। पुलिस उप अधीक्षक बिलासपुर संजय शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।