शाहतलाई(बिलासपुर)। तलाई पुलिस थाने में गांव मझेड़ के दो परिवारों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने महिलाओं की शिकायत पर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत घराण के गांव मझेड़ की एक महिला ने अपने बेटे के साथ पुलिस थाने में आकर शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि शाम को उसका बेटा काम से घर वापस आ रहा था कि रास्ते में उसे अपने गांव का सुरेंद्र कुमार मिला। उसने बेटे को रोका और गालीगलौज करने लगा। जब मेरे बेटे ने उसका विरोध किया तो उसने उसके साथ मारपीट की और पुलिस ने आईपीसी की धारा 341 व 323 के तहत मामला दर्ज कर लिया।
इधर दूसरे परिवार की महिला ने अपने पति के साथ पुलिस थाने में आकर शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि उन्होंने अपने घर को आने वाले रास्ते पर लावारिस पशुओं को रोकने के लिए बाड़ लगाई है। शाम को उनका पड़ोसी गुलशन आया तथा बाड़ को उखाड़ कर दूर फेंक दिया जिसपर जब उसे ऐसा न करने को कहा तो गुलशन के पिता व माता ने अपने बेटे का साथ देते हुए हमें गंदी-गंदी गालियां निकालीं। इतना ही नहीं हमें जान से मारने की धमकी तक दी है।
पुलिस ने आईपीसी की धारा 504,506,509 व 34 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। इधर घुमारवीं के डीएसपी राजेंद्र जसवाल ने बताया कि तलाई पुलिस थाने में दो परिवारों ने एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज करवाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।