घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं पुलिस ने एटीएम में लोगों की मदद के बहाने उनके पैसों लुटने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को अभी तक करीब एक लाख रुपये का चुना लगा चुका है। पुलिस ने आरोपी को शक के आधार पर पकड़ा था लेकिन पूछताछ के बाद आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। आरोपी के पास से पुलिस को कई बैंकों के एटीएम भी मिले हैं। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है। हाल ही में गेहड़वीं में एक युवक के खाते से भी इसी युवक ने 35 हजार निकाले थे।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली की एक युवक एटीएम में लोगों की मदद करता देखा जा रहा है। लोगों का शक है कि युवक किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को शक के आधार पर थाने लाया जिससे बाद में युवक ने एटीएम के माध्यम से पहले भी कई लोगों के पैसों का गबन करने की बात को स्वीकार किया।
घुमारवीं थाने में कुछ ही दिन पहले 18-1-2020 को राहुल पुंडीर पुत्र बालक राम गांव मरेड़ डाकघर गेहड़वीं तहसील झंडूता ने शिकायत दी थी कि उसके एटीएम से पैंतीस हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। पुलिस ने शिकायत कर्ताओं को बुलाकर युवक की पहचान करवा दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवक की पहचान निखिल पुत्र विचित्र सिंह उम्र 28 गांव मकड़ तहसील व जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। युवक ने बीएससी नॉन मेडिकल में की है तथा इसके पास छह एटीएम कार्ड विभिन्न बैंकों के मिले हैं। युवक ने इन एटीएम के माध्यम से लगभग एक लाख रुपये का गबन कर दिया है।
डीएसपी राजेंद्र कुमार जसवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि एक युवक को पकड़ा गया है जिसने एटीएम से पैसे निकालने की बात कबूल कर ली है। इससे गहन पूछताछ की जा रही हैं तथा और भी खुलासे हो सकते हैं।