नौणी के पास पुलिस द्वारा पकड़ा गया नशा माफिया।
- फोटो : BILASPUR
जामली (बिलासपुर)। बिलासपुर के नजदीक नयना होटल के पास बिलासपुर पुलिस की एसआईयू की टीम ने जिला मंडी के एक युवक से भारी मात्रा में चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने चिट्टे के साथ गाड़ी और आरोपी दोनों को हिरासत में ले लिया है। सदर थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर पुलिस के एसआईयू टीम के एचसी अनिल शर्मा, राजेश ठाकुर ने जबली के पास नयना होटल के पास एनएच 205 पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान वो वहां से गुजरने वाले हर वाहन की तलाशी ले रहे थे। तभी वहां से आल्टो के 10 एचपी 0एम 2894 निकली। पुलिस ने उसे रोका और उसकी तलाशी ली। तभी आल्टो चालक शुभम शर्मा (25) पुत्र विनोद शर्मा गांव सपेहड़ू जिला मंडी के पास से 138.18 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने चिट्टे के साथ आरोपी को भी हिरासत में ले लिया है। वहीं बिलासपुर सदर थाना पुलिस के हवाले आरोपी को कर दिया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। वहीं आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी बिलासपुर में किसी चिट्टा तस्कर को इसकी डिलीवरी देने आया था। वहीं पुलिस आरोपी से यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह बिलासपुर में किसे सप्लाई देने आया था। एसआईयू यूनिट में तैनात अनिल शर्मा और राजेश ठाकुर की टीम ने शुभम शर्मा का वीरवार रात से ही पीछा किया और शुक्रवार को जब वह होटल के पास हाईवे पर चिट्टे की डिलीवरी देने के लिए कार में बैठा था तो इसी दौरान टीम ने उसे दबोच लिया।
इधर एएसपी भागमल ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने बड़ी मात्रा में चिट्टा बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सिर्फ इतना पता चला है कि आरोपी यहां किसी को डिलीवरी देने आया था लेकिन अभी उसका नाम पता नहीं बता रहा है। पुलिस अपनी जांच के दौरान मिलने वाले सुराग और साक्ष्यों के आधार पर डिलीवरी हासिल करने के लिए आने वाले व्यक्ति पर भी शिकंजा कसने की तैयारी में है। बताया कि एसआईयू बिलासपुर की ओर से जिले में चिट्टे की तस्करी करने वालों के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई है।