चरनमोड में पुलिस टीम की ओर से पकड़ा गया नशा माफिया।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। बिलासपुर एसआईयू की टीम ने एक संदिग्ध नशा माफिया के घर में छापामारी करके नशे की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने नशे की खेप के साथ आरोपी को भी हिरासत में ले लिया है। वहीं आरोपी के खिलाफ सदर थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार एसआईयू टीम ने परचून में नशा बेचने वाले नशा कारोबारी के घर शनिवार देर रात छापा मारा। पुलिस को सूचना मिली थी कि बिलासपुर के तहत दयोथ पंचायत के चरणमोड़ गांव का गोपाल (46) ट्रक चालकों को परचून में नशा सप्लाई करता है। वहीं जब पुलिस ने छापामारी के दौरान उसके घर की तलाशी ली तो उन्हें बड़ी कामयाबी हाथ लगी। पुलिस ने तलाशी के दौरान नशा माफिया के घर से 1.06 किलोग्राम चूरापोस्त, 228 ग्राम अफीम डोडा, 60 ग्राम अफीम और 20 ग्राम चरस बरामद की। पुलिस ने नशे की खेप के साथ आरोपी को हिरासत में ले लिया है। वहीं सदर थाने में आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20, 18 और 15 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
एएसपी भागमल ठाकुर ने बताया कि बिलासपुर पुलिस की एसयूआई टीम ने बड़े नशा माफिया को हिरासत में लेकर बड़ी कामयाबी हासिल की है। जिला पुलिस के जवान जिला को नशामुक्त करने के लिए दिन रात कड़ी मेहनत कर रहे हैं जिसका नतीजा है कि आयेदिन पुलिस के हाथ नशा माफिया तक पहुंच रहे हैं। वहीं बड़ी संख्या में नशे की खेप भी बरामद हो रही है। कहा कि शनिवार रात को जिला एसयूआई टीम के प्रभारी अनिल कुमार शर्मा, आरक्षी राजेश ठाकुर, आरक्षी मनीष ठाकुर, आरक्षी चमन लाल ठाकुर व महिला आरक्षी मंजू देवी ने ऐसे ही नशे के बड़े सौदागर को नशे की खेप के साथ हिरासत में लिया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की ओर से आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।