शाहतलाई(बिलासपुर)। ग्राम पंचायत घराण के गांव गोईड में जमीन विवाद को लेकर दो गुटों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस थाना तलाई में केस दर्ज करवाए हैं। पुलिस ने प्राथमिकता के आधार पर दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गोईड निवासी प्रकाश चंद ने अपने बेटे के साथ पुलिस थाना तलाई में शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ अपने खेतों की तरफ जा रहे थे तभी रास्ते में उन्हें अपने ही गांव की एक महिला मिली जिस के हाथ में दराट था। उस महिला ने उन्हें रोका और कहा कि आप ने मेरे खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है तथा हमें गंदी-गंदी गालियां निकालने लगी।
प्रकाश ने बताया कि इतना ही नहीं उसने हमें धमकी दी कि मैं तुम्हें दराट से काट दूंगी तथा झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। पुलिस ने प्रकाश चंद की शिकायत पर भांदंस की धारा 341,504 व 506 के तहत मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई अमल में लानी शुरू कर दी है।
इधर उक्त महिला ने प्रकाश चंद के खिलाफ पुलिस थाना तलाई में आकर क्रॉस केस दर्ज करवाया। महिला ने बताया कि वह पीर मंदिर में पूजा-अर्चना करके अपने घर वापस आ रही थी। तभी रास्ते में गांव का प्रकाश चंद व उसकी पत्नी मिले। मुझे आता देख कर दोनों गालीगलौच करने लगे। कहा कि दोनाें गुटों का जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। प्रकाश ने मुझे अपने हाथ में लिए कुल्हाड़े को दिखाते हुए कहा कि आप ने गांव में गंद डाल रखा है। मैं इस गंद को ही साफ कर दूंगा। उसने मुझे जान से मारने की धमकी दी है।
पुलिस ने महिला की शिकायत पर भादंसं की धारा 341,506,504 व 34 के तहत मामला दर्ज करके मामले की छानबीन शुरू कर दी है। घुमारवीं के डीएसपी राजेंद्र धीमान ने बताया कि तलाई पुलिस थाने में एक क्रॉस केस दर्ज हुआ है। पुलिस छानबीन कर रही है।