स्वारघाट में भैंसों से ठूंस-ठूंस कर भरा वाहन जिसे पुलिस ने पकड़ा।
- फोटो : BILASPUR
स्वारघाट(बिलासपुर)। स्वारघाट पुलिस की नियमित वाहन चेकिंग और रात्रि गश्त यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और पशुओं की अवैध तस्करी करने वालों पर भारी पड़ रही है। इसी कड़ी में रविवार देर शाम पुलिस थाना स्वारघाट की टीम ने स्वारघाट के अप्पर एक्साइज बैरियर पर नाके के दौरान भैंसों से ठूंस-ठूंस कर भरा एक टैंपो पकड़ा है।
टैंपो में 2 भैंसें और 3 कटड़े ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे। पुलिस ने इस संबंध में वाहन चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11डी के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना स्वारघाट टीम के एएसआई हरबंस सिंह, एएसआई रामनाथ, मुख्य आरक्षी रामपाल, आरक्षी अजय कुमार व मनमोहन सिंह, गृह रक्षक विक्रम सिंह व कुलदीप सिंह ने स्वारघाट के दबाटा स्थित अप्पर एक्साइज बैरियर के पास नाका लगाया हुआ था। टीम द्वारा वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान बिलासपुर की ओर से एक छोटा टैंपो वाहन नंबर एचआर 58बी 4702 को चेकिंग के लिए रोका गया।
टैंपो पूरी तरह से तिरपाल से ढका हुआ था तथा डाले तक फट्टे लगाए गए थे। जब पुलिस टीम ने फट्टे व तिरपाल को हटाया तो पाया कि वाहन में 2 भैंसें और 3 कटड़े भरे हुए थे जिन्हें अंदर सांस लेना भी मुश्किल हो रहा था।
पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक आस मोहम्मद पुत्र शहजाद निवासी सहारनपुर उतर प्रदेश के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी नयना देवी संजय शर्मा ने बताया कि इस मामले के संबंध में वाहन चालक के खिलाफ थाना स्वारघाट में पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 डी के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।