बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने बामटा पंचायत में दो अलग-अलग मामलों में 23.74 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को दोपहर के समय पुलिस की एसयूआई की टीम बामटा की तरफ गश्त पर थी। उसी दौरान बामटा के समीप पुलिस ने संदेह के आधार पर दो युवकों की तलाशी ली जिसमें उनके पास से 14.76 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपियों की पहचान आशीष पुत्र स्वतंत्र कुमार निवासी गसौड़, अश्विनी पुत्र देवी सिंह निवासी ननखड़ी रामपुर के रूप में हुई है।
वहीं दूसरे मामले में कोसरियां के एक घर से 8.96 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार रविवार को दोपहर के समय पुलिस ने बिलासपुर के कोसरियां मेें एक घर पर छापामारी की और घर में रहने वाले किरायेदार युवकों से चिट्टा बरामद किया। पुलिस टीम में एचसी अमर नाथ, देवेंद्र कुमार, राजेंद्र कुमार और अंबिका शामिल थे। राजेंद्र कुमार ने बताया कि छापामारी के दौरान किराये के मकान से 4 युवकों को हिरासत में लिया गया। उनके पास से 8.96 ग्राम चिट्टा और फॉयल पेपर बरामद किया गया।
बताया कि युवक दस रुपये के नोट में जलाकर चिट्टे का सेवन कर रहे थे कि तभी पुलिस टीम ने छापामारी की और सबको हिरासत में ले लिया। आरोपियों की पहचान मनीष परमार पुत्र रामदयाल निवासी रौड़ा सेक्टर बिलासपुर, सचिन चंदेल पुत्र अशोक कुमार गांव मुक्डाना झंडूता, अभिषेक चंदेल पुत्र दलजीत सिंह गांव बड़ी-बड़वाल झंडूता, नवीद पुत्र मोहम्मद जाहिद आईटीआई बिलासपुर के रूप में हुई है।
एएसपी बिलासपुर भागमल ठाकुर ने बताया कि दोनों मामलों में चिट्टे के साथ आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस की ओर से केस दर्ज कर लिया गया है और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।