बिलासपुर। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के उप तहसील भराड़ी के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत हटवाड़ के गांव हटवाड़ में एक 14 साल के बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई है। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं बच्चे का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवक की पहचान अरुण कुमार(14) पुत्र जगदीश चंद गांव व डाकखाना हटवाड़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक के घर में गृह निर्माण कार्य चला हुआ था। शनिवार रात शाम सात बजे के करीब वह घर में बल्ब का होल्डर लगाते समय करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने के बाद परिजन उसे बल्द्वाड़ा अस्पताल ले गए लेकिन करंट लगने से बच्चे का सारा खून खत्म हो गया था और बच्चे का रंग सफेद पड़ गया था। अस्पताल पहुंचाने से पहले ही बच्चे ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतक के परिवार में उसकी मां और बड़ा भाई हैं। वहीं पिता पहले ही दुनिया छोड़ गए हैं। बड़ा भाई लकवे का मरीज है और मां की निगाहें छोटे बेटे को बड़ा होने का इंतजार कर रही थी लेकिन बिजली के एक झटके ने मां के सब सपनों को चकनाचूर कर दिया। डीएसपी घुमारवीं राजेंद्र जसवाल ने बताया कि इस संदर्भ में भराड़ी थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। कहा कि मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।