स्वारघाट(बिलासपुर)। स्वारघाट पुलिस थाना के अंतर्गत ज्योरीपत्तन स्थान में बस ठहराव पर रात के समय खड़ी की गई निजी बस के फ्रंट का शीशा तोड़ कर नुकसान पहुंचाने का मामला प्रकाश में आया है। बस मालिक महेंद्र ने उक्त घटना की शिकायत पुलिस थाना स्वारघाट में आकर की है। महेंद्र ने पुलिस को बताया कि स्थानीय युवक धीरज ने मंगलवार रात के समय शराब के नशे में धुत्त होकर इस घटना को अंजाम दिया।
इस कारण बस मालिक को 20 हजार का नुकसान हो गया है। बताया जा रहा है कि उक्त बस के साथ अन्य वाहन भी खड़े हुए थे लेकिन सिर्फ एक ही बस को नुकसान जानबूझ कर पहुंचाया गया है। बस मालिक महेंद्र का आरोप है कि उक्त युवक ने गत रात डटकर शराब पीने के बाद ज्योरीपत्तन स्थान में रात को खड़ी हुई उनकी निजी बस का फ्रंट का बड़ा शीशा तोड़ दिया है।
इसके साथ ही युवक धीरज ने ड्राइवर की खिड़की की कुंडी व ताले को भी तोड़ कर नुकसान पहुंचाया है। उक्त वारदात की वजह से बस मालिक महेंद्र को करीब 20 हजार का नुकसान हो गया है। शिकायत के बाद स्वारघाट थाने की पुलिस की तरफ से जांच के लिए मुख्य आरक्षी शमशेर सिंह ने घटनास्थल पर जाकर दोनों पक्षों के बयान कलमबद्ध किए हैं। हालांकि दोनों पक्षों में नुकसान की भरपाई करने के बारे में समझौता होने के बाद उक्त संबंध में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। ऐसे शरारती तत्वों पर अंकुश लगाने व जकातखाना इलाके में गश्त बढ़ाने के लिए जनता ने उपमंडल प्रशासन से गुहार लगाई है ताकि ऐसी घटनाओं की फिर से पुनरावृत्ति न हो सके।