घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं के तहत कुलारूं में बिलासपुर पुलिस की एसयूआई टीम ने नाके के दौरान एक गाड़ी में बैठे युवकों से 20.37 ग्राम चरस बरामद की। टीम ने घुमारवीं थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें चरस सहित हिरासत में ले लिया है। इस संदर्भ में पुलिस की ओर से आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि जिले में नशे की बढ़ती हुई घटनाओं को देखते हुए जिला पुलिस जगह-जगह नाके और गस्त लगाकर नशा माफिया पर शिकंजा कस रही है। इसके तहत आयेदिन कोई न कोई नशा माफिया पुलिस के हत्थे भी चढ़ रहा है। वहीं अलग-अलग केस में पुलिस ने चिट्टा और अन्य मादक पदार्थ रखने के आरोप में कई लोगों को हिरासत में लिया है जिन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद उनसे बड़े माफिया के बारे में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर पुलिस की एसयूआई टीम ने हमीरपुर घुमारवीं राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुलारूं के पास नाका लगाया था कि तभी गाड़ियों की चेकिंग के दौरान संजीव कुमार(34) पुत्र स्वर्गीय नानक राम गांव बिल्लौर डाकघर लुहारवीं जो कि गाड़ी नंबर एचपी 01 बी 0998 में बैठा था। उससे 20.37 ग्राम चरस बरामद की। पुलिस ने आरोपी को चरस के साथ हिरासत में ले लिया है। वहीं टीम ने घुमारवीं थाने में आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम 20,25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आगामी कार्रवाई में आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी। वहीं पुलिस आरोपी से पूछताछ भी करेगी कि वो उक्त मादक पदार्थ कहां से और किससे लाया था।
एएसपी भागमल ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने चरस के केस में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया गया है। कहा कि जिले में बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
........