बरठीं(बिलासपुर)। झंडूता पुलिस की ओर से गत दिवस अवैध खनन करने के आरोप में एक टिप्पर और ट्रैक्टर को पकड़ा गया। पकड़े गए दोनों वाहनों को मौके पर जुर्माना लगाया गया। इससे पहले भी उक्त क्षेत्र में पुलिस ने अवैध खनन के एवज में लाखों रुपये का जुर्माना वाहन चालकों को लगाया गया है।
उल्लेखनीय है कि सुन्हाणी, तुंगडी, री, रडोह व पिपलुघाट की सीर खड्ड में खनन माफिया बेरोकटोक सरकार को लाखों का चूना लगाते हुए अवैध खनन करने में मस्त हैं। इसकी शिकायतें प्रशासन तक लोगों की ओर से लगातार की जा रही हैं जिस पर शिकंजा कसते हुए झंडूता पुलिस प्रभारी प्रीतम चंद की अगुवाई में एएसआई राकेश कुमार के दल ने गत रात्रि सुन्हाणी तुंगडी शेर सड़क पर नाके के दौरान एक टिप्पर एचपी 19सी 3366 का अवैध रूप से पत्थर ले जाने पर दस हजार रुपये जुर्माना लगाया।
इसके अतिरिक्त एक ट्रैक्टर पर साढ़े चार हजार का जुर्माना लगाया है। थाना प्रभारी झंडूता प्रीतम चंद ने बताया कि अवैध खनन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इससे पहले भी उन्होंने खनन माफिया पर शिकंजा कसा है और खड्ड से अवैध रूप से रेता, बजरी व पत्थर ले जाने के जुर्म में कार्रवाई की है।
इस मौके पर उन्होंने समोह चौक पर भी नाकेबंदी के दौरान यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के चालान किए हैं और यातायात नियमों का पालन करने के लिए वाहन चालकों को जागरूक किया है। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट व कागजात की कमी के चलते उन्होंने करीब दस वाहनों पर कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि मोबाइल में फोटो लेकर जो वाहन चालक गाड़ी चलाते हैं वह प्रमाण पत्र मान्य नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति मोबाइल के डीजी लॉकर में कागजात दिखाएगा वही मान्य होंगे।