झंडूता(बिलासपुर)। झंडूता थाना के अंतर्गत पुलिस ने एक युवक से 110 ग्राम चरस बरामद की है। यह कामयाबी पुलिस को झंडूता विस क्षेत्र के तहत आने वाले अनंदघाट में हाथ लगी है जिसमें पुलिस ने मौके पर ही युवक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम के समय पुलिस की टीम अनंदघाट पर नाका लगाए हुए थी। इस दौरान उक्त समय पर बाइक नंबर एचपी89-0692 पर युवक सामने से आ रहा था। युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और वहां से भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस को युवक पर शक हुआ और मौके पर ही युवक को पकड़ लिया। युवक की तलाशी ली गई तो उसकी जेब से 110 ग्राम चरस बरामद की गई। युवक की पहचान जाहिर हुसैन उम्र 19 साल पुत्र रामदीन गांव जोल डाकघर घराण तहसील झंडूता जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
उधर, झंडूता थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है, युवक से पूछताछ की जा रही है।