डिपुओं में राशन नहीं मिलने से खाली हाथ लौट रहे उपभोक्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं (बिलासपुर)। झंडूता विकास खंड में इन दिनों राशन का संकट गहराता जा रहा है। ब्लॉक के 66 डिपुओं में राशन की सप्लाई पूरी तरह ठप होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि उपभोक्ता दूर-दूर से डिपुओं तक पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ ही लौटना पड़ रहा है।
दी कृष्णा सहकारी सभा बैहरन के अध्यक्ष हरवंश लाल ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से राशन का वितरण नहीं हो रहा है। जब इस संबंध में खाद्य आपूर्ति विभाग से संपर्क किया गया तो विभाग ने सप्लाई न होने के लिए संबंधित ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया। हरवंश लाल के अनुसार ठेकेदार ने पहले ही प्रशासन को सूचित कर दिया था कि वह मार्च के बाद राशन वितरण करने में असमर्थ रहेगा, क्योंकि उसकी तबीयत ठीक नहीं है। इसके बावजूद उसने अप्रैल तक किसी तरह कार्य जारी रखा, लेकिन उसके बाद प्रशासन की ओर से नया टेंडर जारी नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही के चलते पूरे झंडूता ब्लॉक में यह स्थिति उत्पन्न हुई है। राशन न मिलने से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। कई लोगों को निजी दुकानों से महंगा राशन खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों में इस समस्या को लेकर रोष बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि बार-बार डिपुओं के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें राशन नहीं मिल रहा।