बरठीं (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत डाहड में खेतों में रखे बारूद के गोले से गाय का जबड़ा उड़ गया है। मालिक ने पड़ोसी पर खेत में बारूद रखने का आरोप लगाया है। पुलिस ने व्यक्ति की शिकायत पर पशु क्रूरता अधिनियम 286 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन जारी है। मालिक गुरदयाल सिंह ने बताया कि उसकी गाय प्रतिदिन की तरह चरने के लिए उनके खेतों में गई थी। जहां पर नंदलाल ने बारूद से बनाया हुआ गोला लगाया हुआ था। गाय ने जैसे ही उस गोले को मुंह में दबाया तो वहां जोरदार धमाका हुआ। जैसे ही वह धमाके वाली जगह दौड़े तो वहां से अपने पड़ोसी नंदलाल को भागते हुए देखा और वहीं गाय भी खून से लथपथ पड़ी हुई थी। गुरुदेव ने बताया की उसकी गाय 8 माह की गाभिन है। उन्होंने इसकी सूचना पंचायत प्रधान को दी। पंचायत प्रधान ने थाना झंडूता में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। उधर, थाना प्रभारी प्रीतम सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन जारी है।