जिले में 14 जिला परिषद, 97 बीडीसी के लिए भाग्य का फैसला आज
पुलिस के साथ सीसीटीवी की रहेगी निगरानी
सुबह 9 बजे से शुरू होगी मतगणना
भीड़ नियंत्रण और व्यवस्था बनाए रखने के लिए एजेंटों का प्रवेश समय निर्धारित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणाम 31 मई (रविवार) को घोषित किए जाएंगे। मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि सभी मतगणना केंद्रों पर अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तरह मुस्तैद रहेंगे। प्रक्रिया को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। जिले में जिला परिषद के 14 वार्डों, पंचायत समिति के 97 वार्डों की मतगणना के लिए चार मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सदर विकास खंड की मतगणना किसान भवन बिलासपुर में, घुमारवीं की राजकीय महाविद्यालय कल्लरी में, झंडूता की राजकीय महाविद्यालय झंडूता में, श्री नैना देवी जी विकास खंड की मतगणना स्वारघाट स्थित नए बीडीओ कार्यालय भवन में की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि पूरी मतगणना प्रक्रिया पर पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से जिला नियंत्रण कक्ष से लगातार निगरानी रखी जाएगी। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों से भी सतत निगरानी सुनिश्चित की गई है।
विकास खंड सदर में मतगणना को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। यहां किसान भवन में 31 मई को सुबह 9 बजे से मतगणना शुरू होगी। एसडीएम सदर डॉ. राजदीप सिंह ने बताया कि यहां लगभग 20 मतगणना टेबल लगाए जाएंगे और 40 से 50 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें सुपरवाइजर, सहायक कर्मचारी, रिकॉर्ड स्टाफ और सुरक्षा कर्मी शामिल रहेंगे। उन्होंने बताया कि सबसे पहले पंचायत समिति वार्डों की मतगणना की जाएगी, जिसके बाद जिला परिषद के वार्डों की गिनती शुरू होगी। इसके लिए जिला परिषद मतपत्रों की प्रारंभिक छंटनी पहले ही कर ली गई है ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।
उन्होंने बताया कि भीड़ नियंत्रण और व्यवस्था बनाए रखने के लिए एजेंटों का प्रवेश समय भी निर्धारित किया गया है। पहले चरण के आठ वार्डों के एजेंटों को सुबह 8:30 बजे तक पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि अन्य वार्डों के एजेंटों को 11 बजे से 12 बजे के बीच बुलाया गया है। केवल उन्हीं एजेंटों को मतगणना केंद्र में प्रवेश मिलेगा, जिन वार्डों की गिनती उस समय चल रही होगी, जिससे अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके।
स्वारघाट विकास खंड में भी मतगणना को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। यहां जिला परिषद के दो वार्ड स्वाहन और कोटखास सहित पंचायत समिति के 14 वार्डों की मतगणना विकास खंड कार्यालय स्वारघाट में की जाएगी। एसडीएम धर्मपाल चौधरी की देखरेख में पूरी प्रक्रिया संपन्न होगी। यहां 15 काउंटिंग टेबल लगाए जाएंगे और मतपेटियां पहले ही स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखी गई हैं। इनमें पहले और दूसरे चरण की मतपेटियां भी शामिल हैं। घुमारवीं विकास खंड की मतगणना राजकीय महाविद्यालय कल्लरी में सुबह 9 बजे शुरू होगी। यहां 16 टेबल लगाए गए हैं और लगभग 50 से 60 अधिकारी एवं कर्मचारी मतगणना कार्य में तैनात रहेंगे। यहां सबसे पहले बीडीसी पदों की मतगणना की जाएगी, जिसके बाद जिला परिषद सदस्यों के मतों की गिनती होगी।
घुमारवीं क्षेत्र में कुल सात जिला परिषद वार्डों की मतगणना प्रक्रिया संपन्न होगी, जिनमें कुछ वार्डों की पूरी और कुछ की आंशिक गणना की जाएगी। अंतिम परिणाम संकलित कर उपायुक्त कार्यालय को भेजे जाएंगे, जहां से अंतिम घोषणा की जाएगी। घुमारवीं में प्रशासन ने एजेंट नियुक्ति की प्रक्रिया भी स्पष्ट की है, जिसके तहत बीडीसी उम्मीदवार तहसीलदार कार्यालय और जिला परिषद उम्मीदवार एसडीएम कार्यालय से एजेंट नियुक्त कर सकते हैं।
झंडूता विकास खंड में भी मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यहां राजकीय महाविद्यालय झंडूता में 18 टेबलों पर मतगणना प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। प्रशासन ने यहां भी सुरक्षा और पारदर्शिता के विशेष इंतजाम किए हैं ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हो सके।