बिलासपुर। कोविड वैक्सीनेशन का तीसरा चरण सोमवार से शुरू हो गया। इस चरण में वरिष्ठ नागरिकों को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आने वाले निजी अस्पतालों में टीके लगेंगे। लेकिन बिलासपुर में इस योजना के तहत केवल एक ही निजी अस्पताल चिह्नित किया गया है। घुमारवीं के रेनबो अस्पताल में जिले की चार लाख आबादी को यह सुविधा मिलेगी। 250 रुपये में निजी अस्पताल में टीका लगाया जाएगा। सोमवार को अस्पताल में कोई भी टीका नहीं लगाया गया।
रेनबो अस्पताल में टीका लगवाने के लिए श्री नयनादेवी जी विस क्षेत्र के अंतिम गांव बस्सी के लोगों को करीब 140 किलोमीटर सफर करना पड़ेगा। वहीं सदर विस क्षेत्र के अंतिम गांव बाहोट कसोल के ग्रामीणों को करीब 50 किलोमीटर तो झंडूता विस क्षेत्र के अंतिम गांव जेजवीं के ग्रामीणों को करीब 70 किलोमीटर सफर करना होगा।
बताते चलें कि पीएमजेएवाई के तहत रेनबो अस्पताल ही सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज है। वहीं जिले में सात से ज्यादा निजी अस्पताल हैं। इनमें से कई अस्पतालों ने योजना के अंतर्गत आने के लिए आवेदन नहीं किया तो कई अस्पतालों को मान्यता नहीं मिल पाई। इसके चलते बिलासपुर में कोविड वैक्सीनेशन के लिए मात्र एक ही अस्पताल को केंद्र बनाया गया है।
एनआर अस्पताल के डॉ. पंकज ने बताया कि पीएमजेएवाई योजना के तहत इलाज के लिए निजी अस्पतालों को जो दरें दी जाती हैं वे बहुत कम होती हैं। इन दरों में उपचार मुहैया करवाना मुमकिन नहीं हो पाता है। इसके कारण इस योजना के अंतर्गत आने के लिए आवेदन नहीं किया है।
वहीं सीएमओ बिलासपुर डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि घुमारवीं स्थित रेनबो अस्पताल को कोविड वैक्सीनेशन के लिए चिह्नित किया गया है। कहा कि अभी तक अस्पताल की तरफ से टीकाकरण के लिए अनुमति पत्र नहीं मिला है। जैसे ही मिलेगा उसके बाद वैक्सीनेशन शुरू कर दिया जाएगा। कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों के लिए कोई दूसरा विकल्प भी सोचा जा सकता है।