स्वारघाट में टीकाकरण के लिए अपनी बारी का इंतजार करतीं हेल्थ केयर वर्कर।
- फोटो : BILASPUR
स्वारघाट (बिलासपुर)। प्राथमिक चिकित्सा केंद्र स्वारघाट में शुक्रवार को कोरोना वैक्सीनेशन अभियान के पहले चरण का शुभारंभ एसडीएम स्वारघाट सुभाष गौतम ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर बीएमओ श्री नयनादेवी जी डॉ. वाई रवि उपस्थित रहे। टीकाकरण अभियान सुबह 10 बजे शुरू हुआ।
वैक्सीनेटर सीताराम संधू ने खंड स्वास्थ्य शिक्षक जसपाल चंद को कोरोना वैक्सीन का पहला टीका लगाया। इसके बाद अन्य हेल्थ केयर वर्करों का टीकाकरण किया गया। कोरोना वैक्सीन के 100 टीके लगाए जाने थे, लेकिन 88 हेल्थ केयर वर्करों को ही टीके लगाए गए। कोरोना का टीका लगवाने के बाद सभी हेल्थ केयर वर्कर खुश नजर आए। कोरोना वैक्सीन का पहला टीका लगवाने वाले खंड स्वास्थ्य शिक्षक जसपाल चंद ने कहा कि घबराएं नहीं कोरोना का टीका सुरक्षित है। अभी तक किसी को भी साइड इफेक्ट होने की शिकायत नहीं मिली है। इस टीके से कोरोना से जंग पूरी तरह से जीत सकते हैं।
बीएमओ श्री नयनादेवी जी डॉ. वाई रवि ने बताया कि पीएचसी स्वारघाट में 100 हेल्थ केयर वर्करों को वैक्सीन के टीके लगाने प्रस्तावित थे। इसके लिए पहले से ही रजिस्ट्रेशन हुआ है। उन्होंने बताया कि कोरोना वैक्सीन का टीका लगाने के बाद सभी को 30 मिनट तक निगरानी में रखा गया। इसके बाद ही उन्हें भेजा गया।