बिलासपुर। लोनिवि के धौलरा स्थित स्टोर में कार्यरत एक कर्मचारी की कोरोना रिपोर्ट सोमवार को पीजीआई चंडीगढ़ में पॉजिटिव आई है। वह कैंसर का रूटीन चेकअप कराने के लिए गया था। जहां इसकी कोरोना सैंपलिंग कराई गई थी। हालांकि वह लौटने के बाद विभाग को बिना सूचना दिए ही स्टोर का चार्ज संभाल रहा था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद संक्रमित व्यक्ति को मेडिकल कॉलेज नेरचौक में शिफ्ट कर दिया गया है। उधर, प्रशासन ने लोनिवि के स्टोर को सील कर दिया है। इसके अलावा उसके साथ कार्यरत दो कर्मचारियों को होम क्वारंटीन किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के रघुनाथपुर निवासी व्यक्ति का काफी दिनों से पीजीआई चंडीगढ़ में कैंसर का इलाज चल रहा है। इसी के बावत वह दो दिन पहले अवकाश लेकर पीजीआई चंडीगढ़ में रूटीन चेकअप करवाने गया था। लोनिवि डिविजन नंबर-2 के एक्सईएन गुरमिंद्र राणा ने बताया कि संक्रमित ने विभाग को सूचित नहीं किया था कि उसका कोरोना टेस्ट हुआ है। उन्हें तब पता चला जब उसकी रिपोर्ट की सूचना मिली। बताया कि संक्रमित लोक निर्माण विभाग के धौलरा स्टोर पर ड्यूटी कर रहा था। इसकी रिपोर्ट आने के बाद स्टोर को सील कर दिया गया है। वहीं इसके साथ काम करने वाले दो और कर्मियों को गृह संगरोध में भेजा गया है।
सीएमओ डाक्टर प्रकाश दड़ोच ने बताया कि विभाग द्वारा संक्रमित की यात्रा इतिहास खंगाली जा रही है। अगर आवश्यक हुआ तो इसके आसपास के क्षेत्र को कंटेनमेंट और बफर जोन में तब्दील किया जाएगा। वहीं उन्होंने बताया कि संक्रमित कैंसर का मरीज है।