बिलासपुर। जिले में पिछले 15 दिन में 4133 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। कोविड केयर सेंटर और कोविड हेल्थ सेंटर में 57 कोविड मरीज स्वस्थ हुए हैं। घरों में आइसोलेट 4076 मरीजों ने भी कोविड को मात दी है।
जिले में वर्तमान में तीन कोविड और तीन हेल्थ सेंटर कोविड मरीजों के लिए कार्य कर रहे हैं। इससे पहले कोविड केयर सेंटरों की संख्या चार थी। लेकिन एक को किसी कारणवश बंद कर दिया गया है। अब जवाहर नवोदय में 11 और हेल्थ सेंटरों में 45 मरीजों का इलाज चल रहा है। बाकी के कोविड केयर/हेल्थ सेंटर खाली हैं।
14 मई को जिले में कोविड संक्रमितों का आंकड़ा 3078 था। इसके बाद जिले में 15 दिन में 2274 लोग और संक्रमित हुए। इनमें से 4076 लोग घरों में आइसोलेट थे। 42 कोविड केयर सेंटर बिनौला, जिसे अब जवाहर नवोदय में शिफ्ट किया गया है और 71 मरीज हेल्थ केयर सेंटर घुमारवीं और जिला अस्पताल में भर्ती थे। 29 मई सुबह सात बजे तक जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 1191 था। इनमें से 1135 मरीज अभी भी होम आइसोलेशन में है। वहीं 56 मरीजों का इलाज कोविड केयर सेंटर और हेल्थ सेंटर में चला हुआ है।
बताते चलें कि उपायुक्त ने कोविड मरीजों के लिए बिनौला, मातृ आंचल, बिलासपुर कॉलेज छात्रवास और जवाहर नवोदय को कोविड सेंटर बनाया है। वहीं जिला अस्पताल के आईपीडी ब्लॉक, आयुर्वेदिक अस्पताल और सीएच घुमारवीं को भी हेल्थ केयर सेंटर बनाया गया है। जहां पर मरीजों के लिए हाई फ्लो ऑक्सीजन की व्यवस्था है।
अभी तक कोविड सेंटर बिनौला में ही मरीजों को भर्ती किया जा रहा था। लेकिन हाल ही में इसे जवाहर नवोदय शिफ्ट कर दिया गया है। वहां पर 11 कोविड मरीजों का उपचार किया जा रहा है। अभी जिला अस्पताल और सीएच घुमारवीं में मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। जिला अस्पताल के आईपीडी ब्लॉक में 60 और घुमारवीं में 50 बेड की व्यवस्था है। अभी आयुर्वेदिक अस्पताल में कोई मरीज भर्ती नहीं किया जा रहा है। वहीं मातृ आंचल, बिलासपुर कॉलेज छात्रवास खाली हैं।
सीएमओं डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि विभाग की पूरी टीम जिले में बेहतरीन कार्य कर रही है। लोगों को घरों में आइसोलेट कर इलाज किया जा रहा है। हम सब मिलकर जल्द जिले को कोविड से मुक्त दिलाएंगे।