बिलासपुर। जिले में रविवार को कोरोना के 31 नए मामले समाने आए हैं। इनमें 18 पुलिस के जवान और तीन वर्षीय मासूम भी शामिल है। 31 मामलों को मिलाकर जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 412 पहुंच गया है। जिले में 258 मरीज स्वस्थ हुए हैं। रविवार को पॉजिटिव आए संक्रमितों को नियमानुसार आईसोलेट किया जा रहा है।
सीएमओ बिलासपुर डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि रविवार को जो 31 मामले कोरोना आए हैं उनके सैंपल शनिवार को शिमला भेजे थे। पॉजिटिव मामलों में घुमारवीं थाने के 16 पुलिस जवान शामिल हैं। दो पुलिस जवान नयना देवी थाने के भी हैं। उन्होंने बताया कि बाकी पॉजिटिव मामलों में 57 वर्षीय व्यक्ति लखनपुर का है। वह बिलासपुर अस्पताल की फ्लू ओपीडी में किए टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया है। वह किसी प्रकार के संगरोध में नहीं था। रौड़ा सेक्टर बिलासपुर का 27 वर्षीय युवक जो 26 अगस्त को हरिद्वार से आया था पॉजिटिव पाया गया है। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के झंडू गांव को 38 वर्षीय युवक 25 अगस्त को श्रीनगर से आया था।
वहीं सुन्हानी में तीन वर्षीय बच्चा भी कोरोना की चपेट में आया है। सुन्हानी में उत्तर प्रदेश से आए छह और लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा घुमारवीं के मोरसिंघी के कसोल गांव का 46 वर्षीय व्यक्ति और एक 70 वर्षीय बुजुर्ग भी पॉजिटिव है। घुमारवीं के रोपड़ी गांव का 40 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना संक्रमित आया है। वह घुमारवीं अस्पताल में चेकअप के लिए गया था। वह किसी प्रकार के संगरोध में नहीं था।
सीएमओ डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि संक्रमितों में अधिकतर लोगों को गृह संगरोध में रखा था। यहां पर संक्रमित किसी प्रकार के संगरोध में नहीं था वहां कोरोना नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग बार-बार लोगों से आग्रह कर रहा है कि कोरोना टेस्ट के बाद कोई तब तक इधर-उधर न जाए जब तक उसकी रिपोर्ट निगेटिव न आए। उन्होंने कहा कि एहतियात से ही कोरोना से बचाव हो सकता है। सभी अपनी जिम्मेदारी समझें और कोरोना नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 400 पार कर चुका है। राहत की बात यह है कि संक्रमित स्वस्थ हो रहे हैं।