बिलासपुर। जिले में कोरोना संक्रमण के अभी तक 22 मामले सामने आए हैं। इन मामलों में से 12 पॉजिटिव पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना संक्रमित लोगों का स्वस्थ होना संकट के इस दौर में राहतभर संकेत हैं। यह बात मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डॉ. प्रकाश दड़ोच ने कही।
उन्होंने बताया कि जिले से अब तक 2263 लोगों के सैंपल कोविड-19 के लिए लैब जांच के लिए आईजीएमसी शिमला भेजे गए। उनमें से 2211 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। वहीं सोमवार को भेजे गए 28 सैंपल की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। 2 लोगों के सैंपल दोबारा जांच के लिए भेजे गए हैं। डॉक्टर दड़ोच ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोगों का इलाज कोविड केंद्र चांदपुर में पूरी सतर्कता से किया जा रहा है। वहां मौजूद स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ व अन्य फ्रंट लाइन कोरोना योद्धा दिन रात कोरोना ग्रसित लोगों के इलाज में लगे हैं। उन्होंने बताया कि समय समय पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों के लिए उचित गाइड लाइंस जारी की जा रही है ताकि वो इस वायरस की चपेट में न आ सके। वहीं रेड जोन से आने वाले लोगों को संस्थागत क्वारंटीन किया जा रहा है। रिपोर्ट नेगेटिव आने पर ही उन्हें घर भेजा जा रहा है।