एम्स में विश्व जनसंख्या दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
युवाओं और महिलाओं को परिवार नियोजन व सुरक्षित मातृत्व की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एम्स बिलासपुर में विश्व जनसंख्या दिवस-2026 के अवसर पर सामुदायिक एवं पारिवारिक चिकित्सा विभाग की ओर से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष की थीम युवाओं की उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करना, आज और भविष्य के लिए रही। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को जनसंख्या स्थिरता, परिवार कल्याण और प्रजनन स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। एम्स के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) दलजीत सिंह (सेवानिवृत्त) के मार्गदर्शन में एमबीबीएस तृतीय वर्ष के प्रशिक्षुओं ने ओपीडी ब्लॉक में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से मरीजों और उनके परिजनों को छोटे परिवार के लाभ, परिवार नियोजन के महत्व और सरकार की परिवार कल्याण सेवाओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षुओं ने पोस्टर और बैनर के जरिये भी जनसंख्या नियंत्रण और युवाओं की जिम्मेदारी का संदेश दिया। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र मार्कंड में गर्भवती महिलाओं और प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व, परिवार नियोजन के विभिन्न विकल्पों और उपलब्ध सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने महिलाओं को इन सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा एमबीबीएस प्रथम वर्ष और बीएससी पैरामेडिकल प्रथम वर्ष के प्रशिक्षुओं के लिए भी विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इनमें जनसंख्या वृद्धि की चुनौतियों, परिवार कल्याण कार्यक्रमों, प्रजनन स्वास्थ्य और युवाओं की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई। एम्स ने संदेश दिया कि स्वस्थ, शिक्षित और जागरूक युवा ही देश के संतुलित और समृद्ध भविष्य की मजबूत नींव हैं।