वन भूमि में मंडी माणवां सड़क निर्माण कर रहे ठेकेदार के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई की तैयारी कर ली है। वन विभाग ने अपनी अंतिम रिपोर्ट तैयार कर कुल 1.50 लाख की डैमेज रिपोर्ट बनाई है। इस बारे में नुकसान वसूली के लिए डिप्टी रेंजर को आदेश जारी कर दिए हैं। वन विभाग इस मामले में पहले ठेकेदार को नोटिस जारी करेगा। फिर से नुकसान की भरपाई नहीं की गई तो कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसकी पुष्टी डीएफओ सीवी ताशीलदार ने की।
गत रविवार को डीएफओ ने वन भूमि में हो रहे मंडी माणवां सड़क के निर्माण कार्य को रोका था। इस दौरान डीएफओ के साथ मारपीट का मामला भी सामने आया था। इस पूरे मामले में विभाग ने पहले पेड़ कटान और भूमि कटान की एक लाख रुपये डैमेज रिपोर्ट बनाई थी, लेकिन बाद में जांच में पाया गया कि वन विभाग की जमीन पर उक्त ठेकेदार ने मलबा डाला है।
उसके बाद विभाग ने अंतिम रिपोर्ट 1.50 लाख तैयार की है। इस संबंध में डिप्टी रेंजर के माध्यम से ठेकेदार को नोटिस भेजा जाएगा और उसे जुर्माना अदा करने को कहा जाएगा। अगर वह ऐसा नहीं करता है तो आगामी कार्रवाई की जाएगी।
डीएफओ सीवी ताशीलदार ने बताया कि मामले की जांच कर डैमेज रिपोर्ट 1.50 लाख रुपये तैयार की गई है। डिप्टी रेंजर को आगामी कार्रवाई के आदेश दिए गए है।