- जकातखाना में बनाया जाएगा करीब एक किलोमीटर लंबा प्लेटफॉर्म
- कंपनी ने शुरू किया कटिंग और भूमि समतल करने का काम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल लाइन के धरातल पर आने में अभी समय लगेगा। लेकिन इसे आधार मिलना शुरू हो गया है। इस रेल लाइन का बिलासपुर तक काम तेजी से चल रहा है।
रेल लाइन पर अब तीसरे स्टेशन के निर्माण का भी काम शुरू हो गया है। तीसरा स्टेशन जकातखाना में बनाया जाएगा। इसका प्लेटफॉर्म करीब एक किलोमीटर लंबा होगा। रेल विकास निगम ने एफकॉन कंपनी को जकातखाना में रेल स्टेशन के लिए पहाड़ कटिंग और भूमि समतल करने का काम दिया है। कंपनी ने यह काम शुरू कर दिया है। इसी कंपनी को इस स्टेशन के दोनों ओर बन रही 12 और 13 नंबर टनल का भी काम दिया गया था। यह दोनों टनल ब्रेक थ्रू हो चुकी हैं। इन्हीं दो टनलों के बीच यह स्टेशन बनाया जा रहा है। अब कंपनी ने स्टेशन का कंपनी भी काम शुरू कर दिया है। मशीनरी दिन-रात जकातखाना स्टेशन के लिए भूमि को समतल करने और पहाड़ कटिंग के निर्माण में लगी हुई हैं। जकातखाना में स्टेशन के लिए तीन गांव दगडाहण, भटेड़ और टाली में करीब 207 बीघा जमीन का अधिग्रहण किया गया है। बता दें कि 63 किलोमीटर लंबी भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल लाइन पर कुल पांच स्टेशन बनाए जाने हैं। एक पंजाब के थुरल में तो चार बिलासपुर के धरोट, जगातखाना, बिलासपुर और बरमाणा में बनाए जाएंगे। थुरल और धरोट के स्टेशनों का निर्माण पहले ही शुरू हो चुका है। रेल विकास निगम के अधिकारियों के अनुसार थुरल और धरोट के स्टेशनों का निर्माण इसी साल पूरा कर लिया जाएगा। जबकि जकातखाना स्टेशन के काम के लिए अभी अन्य कामों के भी टेंडर होना बाकी है।