शाहतलाई में पुलिस-स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की संयुक्त कार्रवाई,वाहन जब्त
डेढ़ लाख से अधिक आंकी जा रही नशे की कीमत
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए शाहतलाई पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सरहयाली खड्ड पुल के समीप कबाड़ से लदे एक वाहन से 6,600 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। बरामद दवाओं की बाजार कीमत डेढ़ लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को भी जब्त कर लिया गया। मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और यह पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित दवाओं की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
जानकारी के अनुसार शाहतलाई पुलिस सोमवार को सरहयाली खड्ड पुल के पास नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान बड़सर की ओर से कबाड़ से लदा एक वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने चालक को वाहन रोकने का संकेत दिया, लेकिन उसने वाहन की गति बढ़ाकर मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही दूरी पर वाहन को रोक लिया। चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर घुमारवीं के ड्रग इंस्पेक्टर दिनेश गौतम को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने वाहन की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कबाड़, गत्ते की पेटियों और खाली प्लास्टिक की बोतलों के नीचे बड़ी सफाई से छिपाकर रखी गई एक बंद गत्ते की पेटी बरामद हुई। जब पेटी को खोला गया तो उसमें परैगाकैफ-300 नामक प्रतिबंधित नशीले कैप्सूलों के 33 बॉक्स मिले। प्रत्येक बॉक्स में 20 स्ट्रिप और प्रत्येक स्ट्रिप में 10 कैप्सूल थे। इस प्रकार कुल 6,600 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। ड्रग इंस्पेक्टर दिनेश गौतम ने मौके पर ही सभी प्रतिबंधित दवाओं को विधिवत सील कर अपने कब्जे में ले लिया। साथ ही जिस वाहन में कबाड़ की आड़ में नशीली दवाओं की खेप लाई जा रही थी, उसे भी जब्त कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कबाड़ के सामान की आड़ लेकर प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी करने का प्रयास कर रहा था, ताकि किसी को शक न हो। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि बरामद प्रतिबंधित कैप्सूल किस स्रोत से लाए गए थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। बता दें कि ड्रग इंस्पेक्टर दिनेश गौतम के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग पिछले काफी समय से प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। शाहतलाई में हुई यह संयुक्त कार्रवाई नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि युवाओं को नशे से बचाने और नशा तस्करों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेंगे।
कोट
प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का अभियान लगातार जारी है। कबाड़ की आड़ में नशीली दवाओं की तस्करी का यह तरीका बेहद गंभीर है। बरामद सभी प्रतिबंधित कैप्सूलों को नियमानुसार जब्त कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
दिनेश गौतम, ड्रग इंस्पेक्टर, घुमारवीं