बिलासपुर। कांग्रेस के राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश सचिव राजीव शर्मा ने रविवार को घुमारवीं शहर में स्वीकृत नए पार्किंग स्थल और भवन को लेकर मंत्री और नगर परिषद को कटघरे में खड़ा किया है। कहा कि राजेंद्र गर्ग मंत्री बने हैं तो श्रेय लेने की होड़ छोड़कर घुमारवीं की समस्याओं को हल करें। उन्होंने सवाल पूछा कि अखिर कौन-सी ऐसी समस्या खड़ी हुई कि बजोह में पार्किंग के लिए मंजूर हुई धनराशि और टेंडर को निरस्त करना पड़ा।
प्रदेश सचिव राजीव शर्मा ने कहा कि हकीकत यह है कि जहां पर पार्किंग बनाने की कोशिश की जा रही है। वहां पहुंचने के लिए लोगों को भीड़ भरे बाजार के बीच में से गुजरना होगा तथा वहां पहुंचना मुश्किल है। लेकिन जहां पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शिलान्यास किया था। वह शहर में सबसे उपयुक्त जगह है।
बजोहा में पार्किंग बनने से एक तरफ जहां लोगों को गंदे नाले की दुर्गंध से निजात मिल जानी थी तो वहीं दूसरी ओर बल्ह गांव के लोगों की करोड़ों रुपये की जमीन भी बहने से बच जाती। इन्हीं लोगों की मांग पर कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेश धर्माणी ने यहां पर पार्किंग स्वीकृत करवाई थी। उन्होंने मंत्री से पूछा कि जब बजोहा में पार्किंग के लिए डीपीआर स्वीकृत हो चुकी थी। इसके निर्माण के लिए टेंडर हो चुके थे और वन विभाग से अनुमति लेकर दर्जनों पेड़ों को काट दिया गया था तो फिर क्यों इसे दूसरी जगह बदला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद को अगर पार्किंग बनवानी है तो वो इसके लिए अलग हेड से पैसा मंजूर करवाएं। बजोहा में बनने वाली पार्किंग को वहीं बनवाया जाए।