संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जनसंपर्क अभियान के तहत मंगलवार को सदर विधानसभा क्षेत्र की कुहमझवाड़ व ननावां पंचायतों में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में त्रिलोक जमवाल ने कहा कि चुनावी बेला में बड़ी-बड़ी डींगें हांकने वाली कांग्रेस असल में विकास और आम जनता की विरोधी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय हरलोग में उप तहसील, कुठेड़ा में जल शक्ति विभाग का सब-डिविजन, जबल्याणा में हेल्थ सब-सेंटर तथा बरमाणा में पीएचसी खोले गए थे। इससे हजारों लोगों को बड़ी सुविधा मिली थी, लेकिन कांग्रेस ने सत्ता में आते ही इन संस्थानों को बंद कर दिया। कांग्रेस द्वारा विधानसभा चुनाव में दी गई 10 गारंटियों में से एक भी पूरी नहीं हो पाई है। भाजपा विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है, लेकिन कांग्रेस के पास गिनाने लायक एक भी उपलब्धि नहीं है। इसी वजह से वह अनाप-शनाप बयानबाजी करके सुर्खियों में बने रहना चाहती है। इससे उसे सुर्खियां तो मिल सकती हैं, लेकिन लोगों के वोट नहीं मिलेंगे।